आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार के मामले में विजिलेंस ने गिरफ्तार किया

 आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार के मामले में विजिलेंस ने गिरफ्तार किया
जालंधर। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाते हुए अपने ही विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस की टीम जालंधर के अशोक नगर स्थित ‘आप’ विधायक के आवास पर छापेमारी करने पहुंची, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अभी उनसे पूछताछ जारी है।
विधायक पर आरोप है कि उन्होंने अपनी राजनीतिक शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए जालंधर नगर निगम के जरिए लोगों को फर्जी नोटिस भिजवाए। इसके बाद इन नोटिस को खत्म करने के लिए उनसे पैसे की मांग की जाती थी। पैसे मिलने के बाद वे इन नोटिस को स्वत: खत्म करा दिया करते थे। इस मामले में रमन अरोड़ा के साथ कुछ अन्य अधिकारी भी संलिप्त थे। अब ये सभी अधिकारी भी विजिलेंस टीम के रडार पर आ चुके हैं। विजिलेंस टीम ने रमन अरोड़ा के घर से प्रिंटर और नोट गिनने की मशीन भी जब्त की है।
पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विजिलेंस विभाग की तरफ से की गई इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को रमन अरोड़ा के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली थीं। उनके अलावा, कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी यह शिकायत मिली थी, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने यह कार्रवाई की है। निश्चित तौर पर हमारी सरकार ने इस कार्रवाई के जरिए यह साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचारी चाहे कोई भी हो, हम उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में कभी पीछे नहीं हटेंगे, चाहे उसकी राजनीतिक साख कितनी भी बड़ी क्यों न हो।