फिल्म निर्माता बोनी और अभिनेता अनिल कपूर की मां का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस

 फिल्म निर्माता बोनी और अभिनेता अनिल कपूर की मां का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली। फिल्म निर्माता बोनी कपूर और फिल्म अभिनेता अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का आज निधन हो गया है। निर्मल कपूर ने आज शुक्रवार शाम 5.45 बजे मुंबई में एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। निर्मल कपूर पिछले कई दिनों से मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती थीं। निर्मल कपूर दिग्गज फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर की पत्नी थीं। निर्मल कपूर ने सितंबर 2024 में अपना 90वां जन्मदिन मनाया।
पिछले कुछ समय से निर्मल कपूर का स्वास्थ्य ठीक नहीं था। पिछले कुछ समय में उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। निर्मल कपूर की उम्र 90 साल की थी। निर्मल कपूर की शादी साल 1955 में फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर के साथ हुई थी। इनके तीन बेटे थे। जिनमें सबसे बड़े बोनी कपूर दूसरे नंबर के अनिल कपूर और तीसरे नंबर पर संजय कपूर हैं। इसके अलावा एक बेटी रीना कपूर हैं। निर्मल कपूर, सोनम कपूर, अर्जुन, जान्हवी और खुशी की दादी थीं।
निर्मल कपूर ने बीते वर्ष ही 90 वां जन्मदिन मनाया था। इस मौके पर कपूर परिवार में आयोजन रखा था। बोनी कपूर ने सोशल मीडिया पर अपनी मां निर्मल कपूर की पोस्ट शेयर कर लिखा था, ‘मम्मी जी 90वां जन्मदिन मुबारक हो। शतक लगाने में सिर्फ एक दशक और बाकी है। हमें आपकी जरूरत है। आपका यहां होना हमारे लिए जरूरी है। हमें आशीर्वाद देने के लिए, सुरक्षा करने के लिए और हमारा मार्गदर्शन करने के लिए’।