बांसुरी स्वराज का राहुल गांधी पर हमला, 11 छात्राओं के मामले में कांग्रेस से कार्रवाई की मांग

 बांसुरी स्वराज का राहुल गांधी पर हमला, 11 छात्राओं के मामले में कांग्रेस से कार्रवाई की मांग

Political Trust Magazine

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज ने जेएनयू की 11 छात्राओं से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। रविवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजाम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जेएनयू की आंतरिक शिकायत समिति की जांच के बाद 9 अक्टूबर को बिमोल अकोइजाम को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि मई 2026 में उनके खिलाफ 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला सम्मान के मुद्दे पर पार्टी का रुख स्पष्ट होना चाहिए।

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के ‘स्मैश द पैट्रियार्की’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति गंभीर है, तो उसे अपने सांसद के खिलाफ सामने आए आरोपों पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से मांग की कि वे छात्राओं के पक्ष में खड़े हों और बिमोल अकोइजाम को पार्टी से निलंबित करें।

बांसुरी स्वराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि जवाबदेही से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ने और छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।