अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’, एक दिन में 3,000 किमी रेल ट्रैक की सफाई

 अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’, एक दिन में 3,000 किमी रेल ट्रैक की सफाई

अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान, कश्मीर से कन्याकुमारी की दूरी के बराबर ट्रैक हुआ साफ

अहमदाबाद- महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान एक दिन में लगभग 3,000 किलोमीटर रेलवे ट्रैक की साफ-सफाई की गई। यह दूरी लगभग कश्मीर से कन्याकुमारी के बीच की दूरी के बराबर है।

साबरमती रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता प्रहरियों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान स्वच्छ रेल परिसर, स्वच्छ ट्रैक और स्वच्छ रेलवे के संकल्प के साथ स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

अभियान के तहत मंडल के स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, क्लीनिंग स्टाफ और अन्य रेल कर्मचारियों ने अपने-अपने होम स्टेशन से अगले स्टेशन तक ट्रैक और स्टेशन परिसर की सफाई में हिस्सा लिया। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक के किनारे के क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान और श्रमदान किया गया।

अहमदाबाद, साबरमती, वीरमगाम, मालिया मियाणा, राधनपुर, ध्रांगध्रा, महेसाणा, पालनपुर, भुज, गांधीधाम, असारवा और हिम्मतनगर सहित विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों, हेल्थ यूनिट और ट्रैकसाइड क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान में रेलवे कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों, रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सहभागी समूहों ने सक्रिय भागीदारी की। रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना और रनिंग लाइनों के निकट निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत अहमदाबाद मंडल में 1 से 15 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 3 से 5 अक्टूबर तक प्रमुख स्थानों पर गहन सफाई, 6 से 8 अक्टूबर तक ट्रैकसाइड एवं लीगेसी वेस्ट की सफाई, 9 से 10 अक्टूबर तक अनावश्यक पोस्टर-बैनर एवं गुटखा के दाग हटाने तथा 11 से 15 अक्टूबर तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अहमदाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़े के माध्यम से रेलवे परिसरों, स्टेशनों, ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ यात्रियों, रेल कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।http://Politicaltrust.in