45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार की गौरवशाली विरासत और विकास की झलक

 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार की गौरवशाली विरासत और विकास की झलक

बिहार के उद्योग सचिव कुंदन कुमार एवं स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने किया बिहार पवेलियन का उद्घाटन

नई दिल्ली- 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में पार्टनर स्टेट बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और विकास की उपलब्धियों को आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित कर रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-2 में स्थापित बिहार पवेलियन का उद्घाटन बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार एवं दिल्ली में बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव पलका साहनी भी उपस्थित रहीं।

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने बिहार पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं औद्योगिक वस्तुओं की सराहना की। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप बिहार पवेलियन को भव्य रूप दिया गया है।

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन के माध्यम से राज्य की गौरवशाली विरासत के साथ-साथ औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग विशेषज्ञों से पवेलियन का भ्रमण करने तथा बिहार के प्रगतिशील औद्योगिक इकोसिस्टम और निवेश-अनुकूल नीतियों की जानकारी लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विनिर्माण और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल नीतिगत ढांचा तैयार किया जा रहा है। बिहार पवेलियन में कला, हस्तशिल्प और संस्कृति के साथ उद्योग एवं निवेश से संबंधित विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। बिहार म्यूजियम की विशेषताओं को प्रदर्शित करने के लिए अलग गैलरी भी बनाई गई है। इसका उद्देश्य निवेशकों को राज्य की संभावनाओं से परिचित कराना और उन्हें बिहार में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिहार मंडप में 55 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से राज्य की विरासत, कला, हस्तशिल्प और स्थानीय औद्योगिक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इससे बिहार के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने, अपने उत्पादों के लिए नए ग्राहक तलाशने और बाजार की जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा।

बिहार पवेलियन में पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के साथ आधुनिक औद्योगिक विकास तथा निवेश के अनुकूल वातावरण को भी प्रमुखता दी गई है। यह पवेलियन राज्य की सांस्कृतिक पहचान और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ निवेशकों, उद्यमियों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच संवाद और नए व्यावसायिक अवसरों का मंच बन रहा है।http://Politicaltrust.in