IITF 2026 में बिहार दिवस की धूम, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
भारत मंडपम में बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं की दिखी आकर्षक झलक
डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और रिया सिंह की सुरीली प्रस्तुतियों ने बांधा समां
नई दिल्ली- 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के अवसर पर भारत मंडपम, नई दिल्ली में बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से बिहार दिवस का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और कलात्मक विविधता की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

भारत मंडपम के ओपन एयर एम्फीथिएटर-1 में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “बिहार दिवस : अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन” रही। संगीत और लोक संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और गायिका रिया सिंह ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं, नालंदा संगीत कला विकास संस्थान और रंग सेतु के कलाकारों ने भी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
बिहार की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और कला के विविध रंगों से सजे इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक और मेले में आए आगंतुक उपस्थित रहे। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि और लोक परंपराओं से रूबरू कराया।

45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की औद्योगिक क्षमता, हस्तशिल्प, उद्यमिता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर व्यापक पहचान दिलाना है। बिहार दिवस जैसे आयोजन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बिहार दिवस समारोह का समापन हुआ। इस आयोजन ने व्यापार मेले में आए आगंतुकों को बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का यादगार अवसर प्रदान किया।http://Politicaltrust.in
