एनबीसीसी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के साथ एमओयू पर किए हस्ताक्षर
प्रदर्शन और वित्तीय लक्ष्यों को लेकर तय किए गए महत्वपूर्ण मानक, पिछले प्रदर्शन के लिए मिली ‘उत्कृष्ट’ रेटिंग
नई दिल्ली- नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपने प्रशासनिक मंत्रालय, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के माध्यम से आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कंपनी के प्रदर्शन संबंधी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
समझौता ज्ञापन पर मंत्रालय की ओर से सचिव (सीडी) डी. तारा (आईएएस) तथा एनबीसीसी की ओर से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के.पी. महादेवास्वामी ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर मंत्रालय और एनबीसीसी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें संयुक्त सचिव रवि कुमार अरोड़ा, संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार संजीत, निदेशक (संपदा) संदीप कुलहरिया, एनबीसीसी के निदेशक (वाणिज्य) डॉ. सुमन कुमार, निदेशक (वित्त) अंजीव कुमार जैन तथा कार्यपालक निदेशक (वित्त) एम.बी. सिंघल सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
इस एमओयू में कंपनी के वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन से जुड़े प्रमुख मानक निर्धारित किए गए हैं। साथ ही राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं के निष्पादन और कंपनी की कार्यक्षमता से संबंधित महत्वपूर्ण लक्ष्यों का भी उल्लेख किया गया है।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के वार्षिक एमओयू के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लोक उद्यम विभाग (डीपीई) ने एनबीसीसी को ‘उत्कृष्ट’ रेटिंग प्रदान की थी। यह उपलब्धि कंपनी के मजबूत वित्तीय अनुशासन, परिचालन क्षमता और राष्ट्रीय महत्व की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में योगदान को दर्शाती है।
एनबीसीसी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी प्रमुख प्रदर्शन मानकों के साथ मजबूत वित्तीय परिणाम हासिल करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।http://Politicaltrust.in
