वडनगर रेलवे स्टेशन पर अमित शाह ने दिव्यांग बच्चों के साथ किया 76 पौधों का वृक्षारोपण

 वडनगर रेलवे स्टेशन पर अमित शाह ने दिव्यांग बच्चों के साथ किया 76 पौधों का वृक्षारोपण

वडनगर, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर वडनगर रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन का संदेश दिया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 76 दिव्यांग बच्चों के साथ 76 पौधों का वृक्षारोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने स्वयं पौधा लगाया। महेसाणा के सांसद हरिभाई पटेल ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 76 दिव्यांग बच्चों द्वारा 76 पौधे लगाए गए। प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और समाज में समान भागीदारी के संकल्प का प्रतीक रहा। दिव्यांग बच्चों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया और यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में समाज के हर वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पौधारोपण से संरक्षण तक

गत वर्ष 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वडनगर रेलवे स्टेशन पर 75 पौधे लगाए गए थे। रेलवे के अनुसार, पिछले एक वर्ष के दौरान इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण किया गया। देखभाल के परिणामस्वरूप ये पौधे स्वस्थ होकर विकसित हुए हैं और रेलवे परिसर को हरित बनाने में योगदान दे रहे हैं।

अहमदाबाद मंडल द्वारा रेलवे परिसरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और यात्रियों एवं आमजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। वडनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक पहल है।http://Politicaltrust.in