ऊर्जा क्षेत्र के बदलते दौर में नई पीढ़ी के करियर पर आयुष गुप्ता ने साझा किए अनुभव

 ऊर्जा क्षेत्र के बदलते दौर में नई पीढ़ी के करियर पर आयुष गुप्ता ने साझा किए अनुभव

नई दिल्ली। गैसटेक 2026 की फ्यूचर लीडर्स कार्यक्रम श्रृंखला के तहत “युवा ऊर्जा पेशेवर अपने करियर को लंबे समय तक कैसे बेहतर बना सकते हैं?” विषय पर एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा आयोजित हुई। इसमें GAIL के निदेशक (एचआर) आयुष गुप्ता ने विशेषज्ञ पैनल के साथ अपने विचार साझा किए।

चर्चा में MedcoEnergi, इंडोनेशिया के निदेशक एवं COO अमरी सियाहान, Natural Gas Supply Association, अमेरिका की अध्यक्ष एवं CEO डेना विगिंस, The Flame Centre, सिंगापुर की मैनेजिंग पार्टनर डॉ. वेंडी टैन तथा नाइजीरिया के Engr. टोलूलोप लोंगे शामिल रहे।

पैनल में तेजी से बदलते ऊर्जा क्षेत्र के बीच युवा पेशेवरों के लिए भविष्य के अनुकूल कौशल विकसित करने, निरंतर सीखने और दीर्घकालिक करियर विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने ऊर्जा परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), शोध एवं नवाचार, नेटवर्किंग, मेंटरशिप, करियर मोबिलिटी और संगठनात्मक संस्कृति जैसे विषयों पर विचार रखे।

आयुष गुप्ता ने अपने करियर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इंजीनियरिंग और तकनीकी संचालन से लेकर मानव संसाधन के क्षेत्र तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि नए और अपरिचित कार्यक्षेत्र को अपनाना, लगातार सीखते रहना और नई क्षमताएं विकसित करना उनके करियर परिवर्तन में महत्वपूर्ण रहा। लगभग 50 वर्ष की उम्र में HR में MBA करने के अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने यह संदेश दिया कि सीखने और पेशेवर विकास की कोई उम्र सीमा नहीं होती।

पैनल ने इस बात पर जोर दिया कि युवा पेशेवरों को पहले अपने विशेषज्ञता वाले क्षेत्र में मजबूत आधार तैयार करना चाहिए और इसके बाद अलग-अलग विभागों एवं भूमिकाओं में काम करके अपने अनुभव का विस्तार करना चाहिए। PhD शोधार्थियों और शोधकर्ताओं को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों पर काम करने के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

विशेषज्ञों ने ट्रांसफरेबल स्किल्स के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में डोमेन विशेषज्ञता के साथ डिजिटल, डेटा और AI क्षमताओं का संयोजन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। चर्चा का मुख्य संदेश रहा कि बदलते ऊर्जा परिदृश्य में निरंतर सीखने और नई क्षमताएं विकसित करने से युवा पेशेवर अपने करियर को भविष्य के लिए तैयार कर सकते हैं।http://Politicaltrust.in