मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई व स्थलीय निरीक्षण
पटना- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने पटना के मनेर और सारण के दिघवारा क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित तेरसिया पंचायत के तेरसिया और सरायपुर गांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और फसल क्षति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पानी में डूबी फसलों व गांवों की स्थिति देखी। इसके बाद ट्रैक्टर से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की। ग्रामीणों ने सड़क ऊंची करने, नई सड़क बनाने और बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा देने की मांग रखी। दोनों नेताओं ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस क्षेत्र में इस बार वर्ष 2016 की तुलना में करीब एक फीट अधिक पानी आया है। केले और मक्के की फसल को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हुए हैं और फसल, मकान तथा पशुओं को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार की जनता को इस संकट से बाहर निकालने में राज्य सरकार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को 7 हजार रुपये की अंतरिम सहायता राशि देना शुरू किया गया है। सरकार के अनुसार, नुकसान का विस्तृत और सटीक आकलन पूरा होने के बाद किसानों और अन्य प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम बिहार पहुंची है और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। मुंगेर और भागलपुर का भी दौरा किया जाएगा तथा समीक्षा बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की स्थिति पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम बिहार भेजने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय टीम का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य केंद्रीय टीमें भी बिहार आकर नुकसान का आकलन करेंगी और इसके आधार पर केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सुविधाएं और नावों के माध्यम से परिवहन समेत आवश्यक राहत व्यवस्था की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान अपने गांव के चार लोगों की जान बचाने वाले छोटे बच्चे विशाल कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक अवधेश सिंह, पूर्व विधायक सतीश कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।http://Politicaltrust.in
