चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख श्रद्धालु पहुंचे
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। 12 सितंबर तक चारधाम यात्रा के 147 दिनों में 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45 लाख 09 हजार 324 थी। यानी इस बार अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंचे हैं।
गंगोत्री धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पहली बार 7 लाख 84 हजार 321 पहुंच गई है। इससे पहले वर्ष 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, वर्ष 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 और वर्ष 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंचे थे।
वहीं, यमुनोत्री धाम में भी इस बार 7 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2025 में यहां 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु पहुंचे थे।
बद्रीनाथ धाम में भी बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
बद्रीनाथ धाम की यात्रा भी नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 12 सितंबर तक 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 13 लाख 82 हजार 845 थी। इस तरह इस वर्ष अब तक 3 लाख 45 हजार 733 अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे हैं।
श्री हेमकुंट साहिब में भी श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख 19 हजार 135 पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी सहित यात्रा से जुड़े जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं।http://Politicaltrust.in
