17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, देशभर में होंगे 12 प्रमुख कार्यक्रम: अमित शाह
मुंबई- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी, एनडीए के सहयोगी दलों, स्वयंसेवी संगठनों और देश की जनता की भागीदारी से चलने वाला यह अभियान राज्य से लेकर जिला, लोकसभा, विधानसभा और बूथ स्तर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत देशभर में 12 प्रमुख प्रकार के कार्यक्रम होंगे।
मुंबई में मीडिया को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है और 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी अवसर पर एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का मंत्र ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ है और इसका लक्ष्य जनभागीदारी के माध्यम से 2047 में विकसित भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि सेवा को संस्कार में बदलना और संगठन को जनकल्याण एवं जनभागीदारी का माध्यम बनाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने स्वयं को देश की जनता के सामने ‘प्रधान सेवक’ के रूप में प्रस्तुत किया। उनके अनुसार, पिछले 25 वर्षों में संविधान से प्राप्त शक्तियों का उपयोग गरीब कल्याण, देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सेवा भावना में गुरु नानक देव जी के सेवा संदेश और समर्थ रामदास स्वामी के विचारों की प्रेरणा रही है।
अभियान के तहत बच्चों और युवाओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, रक्तदान, आंगनवाड़ी सम्मान, मातृ संवाद और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ के माध्यम से स्थानीय भाषाओं में कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा ‘वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा’ तथा ‘सेवा सेतु’ अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
25 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
अमित शाह ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में गुजरात से लेकर पूरे देश तक अनेक महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश की राजनीति में परफॉर्मेंस और डिलीवरी को अधिक महत्व मिला है। उन्होंने गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को बैंक खाते, स्वास्थ्य सुविधाएं, नल से जल, पीएम-किसान, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, आवास और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने GST, जनधन-आधार-मोबाइल (JAM), Make in India, PLI, Digital India और Startup India का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश की अर्थव्यवस्था, विनिर्माण और डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाई है। सड़क, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डे, बंदरगाह और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुए विस्तार का भी उन्होंने उल्लेख किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत की रक्षा और विदेश नीति का आधार ‘भारत प्रथम’ है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने धारा 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, उत्तर-पूर्व में शांति समझौतों और तीन तलाक की समाप्ति जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।
अमित शाह ने कहा कि चंद्रयान-3 और आदित्य-L1 जैसी उपलब्धियां अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में परफॉर्मेंस, आउटकम और डिलीवरी पर जनता का जनादेश ही सबसे बड़ा प्रमाणपत्र होता है। पिछले 25 वर्षों में जनता ने राज्य से लेकर केंद्र तक नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को बार-बार जनादेश दिया है। अमित शाह ने मीडिया से सेवा संकल्प अभियान और पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े सहित अन्य नेता मौजूद रहे।http://Politicaltrust.in
