छत्तीसगढ़ में 2 लाख परिवारों का गृह प्रवेश, 3.65 लाख नए आवासों की सौगात
सक्ती- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2 लाख नवनिर्मित आवासों में गरीब परिवारों का गृह प्रवेश कराया। इस दौरान हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की घोषणा की।
कार्यक्रम में सक्ती में नया कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने तथा बस्तर संभाग में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाने की घोषणा भी की गई। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मांग पर सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को उन्नत कृषि तकनीक और वैज्ञानिक सलाह का लाभ मिलेगा।

बस्तर में आवास सर्वे की अवधि बढ़ाने के निर्णय पर उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र गरीब को पक्के आवास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के साथ परिस्थितियां बदल रही हैं तथा अब इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति दी जा रही है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन 1600 से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे हो रहे हैं। उनके अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से 11.50 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति देकर गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल धान का कटोरा नहीं, बल्कि फल, फूल और सब्जियों के उत्पादन में भी आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण महिलाओं के हुनर और स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को शाम 7 बजे घर-घर दीप जलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब कल्याण, आवास, राशन, स्वच्छता, पेयजल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ‘बिहान’ के माध्यम से प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।
समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मुख्यमंत्री आवास योजना के एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान, 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों तथा ‘अथ उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों और श्रेष्ठ पंचायतों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।http://Politicaltrust.in
