भारतीय रेलवे ने जेएनपीटी मुंबई से पहली डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन चलाई
360 TEUs कंटेनरों को 422 किमी दूर वडोदरा मंडल के वर्नामा स्थित CONCOR के GCT टर्मिनल तक पहुंचाया गया
नई दिल्ली –भारतीय रेलवे ने 21 अगस्त 2026 को एक महत्वपूर्ण परिचालन उपलब्धि हासिल करते हुए जेएनपीटी, मुंबई से वडोदरा मंडल के वर्नामा स्थित CONCOR के GCT टर्मिनल के लिए पहली डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन सफलतापूर्वक संचालित की। इस ट्रेन में कुल 360 TEUs कंटेनरों का परिवहन किया गया।
ट्रेन ने लगभग 422 किलोमीटर की दूरी तय की। कंटेनर लोड 21 अगस्त 2026 को शाम 7:00 बजे जेएनपीटी से रवाना हुआ।
इस लॉन्ग-हॉल ट्रेन में दो डबल-स्टैक रेक शामिल थे। लीडिंग रेक जेएनपीटी–वडोदरा के बीच संचालित हुआ, जिसमें 45+1 लोड, लोको 60311 और 1,817 टन भार था। वहीं ट्रेलिंग रेक में 45+1 लोड, लोको 24690 और 2,105 टन भार था। दोनों रेकों ने मिलकर 360 TEUs कंटेनरों का परिवहन किया। यह उपलब्धि एक ही लॉन्ग-हॉल मूवमेंट में बड़ी मात्रा में कंटेनरीकृत माल ढुलाई करने की भारतीय रेलवे की क्षमता को दर्शाती है।
लॉन्ग-हॉल डबल-स्टैक ट्रेन के फायदे
एक ही ट्रेन में अधिक संख्या में कंटेनर ले जाने से बंदरगाहों और टर्मिनलों पर कंटेनरों के ठहराव का समय कम होगा तथा टर्मिनल पर भीड़भाड़ कम करने और कंटेनरों की तेज निकासी में मदद मिलेगी। डबल-स्टैक परिचालन से समान मात्रा में माल ढुलाई के लिए आवश्यक लोकोमोटिव और कंटेनर फ्लैट वैगनों की संख्या भी कम होती है।
एक ट्रेन में अधिक कंटेनर ले जाने से समान मात्रा में माल परिवहन के लिए आवश्यक ट्रेनों की संख्या कम होती है, जिससे उपलब्ध रेल मार्ग क्षमता का बेहतर उपयोग संभव होता है। लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेनें माल की तेज आवाजाही में भी सहायक हैं, जिससे कुल ट्रांजिट समय और परिवहन लागत को कम करने में मदद मिलती है।
हरित एवं सतत माल परिवहन
यह परिचालन हरित और सतत माल परिवहन के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है। विद्युत इंजन से संचालित यह ट्रेन सड़क परिवहन में डीजल पर निर्भरता कम करने में सहायक है।
एक डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन सड़क मार्ग से बड़ी संख्या में ट्रकों द्वारा परिवहन किए जाने वाले माल के बराबर माल को एक साथ ले जा सकती है। इससे डीजल की खपत, सड़क पर यातायात का दबाव, वाहनों से होने वाला उत्सर्जन और माल परिवहन के समग्र कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मदद मिलती है।http://Politicaltrust.in
