स्वतंत्रता दिवस पर उत्कर्ष योग मिशन ने लिया स्वस्थ एवं संस्कारवान भारत का संकल्प

 स्वतंत्रता दिवस पर उत्कर्ष योग मिशन ने लिया स्वस्थ एवं संस्कारवान भारत का संकल्प

Political Trust Magazine 

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय उत्कर्ष योग मिशन एवं उत्कर्ष योग समिति की ओर से देहरादून मुख्यालय सहित देश के विभिन्न केंद्रों पर ध्वजारोहण एवं प्रभात फेरी का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उत्कर्ष साधकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

आदरणीय गुरुजी डॉ. सत्येंद्र सिंह जी के मार्गदर्शन में उत्कर्ष योग मिशन पिछले लगभग 19 वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार एवं व्यवहार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। मिशन के विभिन्न केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। प्रतिदिन प्रातः 6 से 7:30 बजे तक योग एवं विभिन्न शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक तथा आत्मिक क्रियाओं के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने ध्वजारोहण किया और प्रभात फेरी में भाग लिया। वहीं उत्कर्ष योग मिशन के उद्गम स्थल आर.के. पुरम, नई दिल्ली स्थित त्रिकोणा पार्क में भी स्थानीय प्रतिनिधियों एवं विभिन्न केंद्रों से आए साधकों की सहभागिता से ध्वजारोहण और प्रभात फेरी आयोजित की गई।

इस अवसर पर गुरुजी डॉ. सत्येंद्र सिंह जी ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और युवाओं ने अपना जीवन बलिदान कर दिया। आज की युवा पीढ़ी पर उन शहीदों और देशभक्तों का ऋण है। स्वतंत्रता दिवस हमें यह विचार करने का अवसर देता है कि “देश हमारे लिए क्या कर रहा है” पूछने के बजाय हमें स्वयं से यह सवाल करना चाहिए कि “हम अपने देश के लिए क्या कर रहे हैं और देश को क्या लौटा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि देश की सेवा केवल सीमा पर जाकर ही नहीं, बल्कि अपने जीवन को स्वस्थ, अनुशासित, संस्कारवान और जिम्मेदार बनाकर भी की जा सकती है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्वास्थ्य, विचार, व्यवहार और चरित्र को बेहतर बनाने का प्रयास करे तो इससे एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।

उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं पर सेना एवं पैरामिलिट्री बलों के जवान राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने स्तर पर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।

उत्कर्ष योग मिशन का प्रमुख संकल्प “हर घर हो स्वस्थ, शिक्षित, संगठित एवं संस्कारवान” है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिशन से जुड़े साधकों ने संकल्प लिया कि वे नियमित योग, संतुलित भोजन, अनुशासित दिनचर्या, सकारात्मक विचार एवं अच्छे आचरण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे और स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान देंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित में कार्य करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।http://Politicaltrust.in