चमोली टनल हादसा: 22 में से 19 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, 3 की तलाश जारी

 चमोली टनल हादसा: 22 में से 19 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, 3 की तलाश जारी

चमोली, 14 अगस्त 2026 (सू.वि.)। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भरने की स्थिति बनी, जिसके चलते अंदर कार्यरत लोग फंस गए।

घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए सभी 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं। वहीं, हादसे में अब तक 7 लोगों की दुःखद मृत्यु की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके उपचार और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।

बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित तकनीकी एवं विशेषज्ञ टीमें जुटी हुई हैं। टनल के भीतर मलबे और पानी की चुनौती के बीच सभी टीमें समन्वय एवं पूरी सावधानी के साथ अभियान चला रही हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार जानकारी लेते हुए शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों एवं तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा राहत-बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे शेष 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।http://Politicaltrust.in