पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का होगा निर्माण:- मुख्यमंत्री

 पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का होगा निर्माण:- मुख्यमंत्री

सरकारी भूमि के पुनर्विकास से पटना को आधुनिक एवं वैश्विक स्तर का शहर बनाने की तैयारी, 8,000 करोड़ रुपये तक राजस्व सृजन का अनुमान

पटना, 13 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के सुनियोजित एवं समग्र विकास को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के निर्माण का प्रस्ताव सामने आया है। यह प्रस्ताव नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सरकारी भूमि और परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग करते हुए विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पटना में विभिन्न भूमि खंडों के पुनर्विकास एवं निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में बिहार म्यूजियम के सामने नेहरू पथ, गर्दनीबाग, भूतनाथ सेक्टर-6 और बोरिंग कैनाल रोड स्थित भूमि खंडों के पुनर्विकास के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पटना को आधुनिक और वैश्विक स्तर के शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में ऐसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने ‘पाटलिपुत्र टाउनशिप’ में लगभग 2,000 एकड़ भूमि तथा अन्य टाउनशिप में करीब 1,000 एकड़ भूमि में विकास एवं पुनर्विकास की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही गया, भागलपुर, बेगूसराय और दरभंगा जैसे शहरों में भी उपयुक्त सरकारी भूमि को चिह्नित कर समेकित विकास योजना तैयार करने पर जोर दिया।

प्रस्ताव के अनुसार पटना में विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 4,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है, जबकि इन परियोजनाओं से करीब 8,000 करोड़ रुपये का राजस्व सृजन होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने पुराने एवं जर्जर सरकारी भवनों के स्थान पर आवश्यकता के अनुरूप नए निर्माण और पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

सम्राट चौधरी ने निर्माण परियोजनाओं में आधुनिक तकनीक, पर्यावरणीय मानकों और ‘जीरो वेस्ट मॉडल’ को अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को विकास के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिह्नीकरण कर मास्टर प्लान एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा सभी निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष परासर, पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा, NBCC के चेयरमैन डॉ. के.पी. महादेव स्वामी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।http://Politicaltrust.in