चमोली में टीएचडीसी टनल हादसा: 13 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, जिलाधिकारी ने संभाला मोर्चा
चमोली, 13 अगस्त 2026 (सू.वि.)। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की सूचना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभालते हुए लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
टनल में फंसे लोगों में से अब तक 13 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
बचाव अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना समेत अन्य संबंधित टीमें पूरी तत्परता के साथ जुटी हुई हैं। टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार स्थिति की जानकारी लेते हुए बचाव अभियान को पूरी तत्परता, बेहतर समन्वय और सुरक्षा के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्राथमिकता सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।http://Politicaltrust.in
