नई बिहार भवन कैंटीन का शुभारंभ, दिल्ली में अब मिलेगा बिहारी व्यंजनों का पारंपरिक स्वाद
Political Trust Magazine
नई दिल्ली-बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने मंगलवार को नई बिहार भवन कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार भवन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के दौरान मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिहार भवन आने वाले अतिथियों, प्रवासी बिहारवासियों तथा दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अब एक ही स्थान पर बिहार के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध खान-पान संस्कृति को राष्ट्रीय राजधानी में नई पहचान दिलाना भी है।

नई बिहार भवन कैंटीन के मेन्यू में लिट्टी-चोखा, सत्तू से बने व्यंजन, कढ़ी-भात, दाल-भात, मौसमी सब्जियां तथा अन्य पारंपरिक बिहारी व्यंजन शामिल किए गए हैं, ताकि यहां आने वाले लोगों को बिहार के असली स्वाद का अनुभव मिल सके।

कैंटीन प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक नाश्ते के लिए तथा दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक भोजन के लिए खुली रहेगी। नई व्यवस्था से बिहार भवन आने वाले अतिथियों और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बिहार के पारंपरिक स्वाद का आनंद एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा।http://Politicaltrust.in
