SAIL ने Q1 FY27 में दर्ज किया शानदार मुनाफा, शुद्ध लाभ में 138% से अधिक की बढ़ोतरी
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के वित्तीय परिणाम घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूत वित्तीय प्रदर्शन करते हुए शुद्ध लाभ (PAT) में पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 138 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की है।
30 जून 2026 को समाप्त तिमाही में SAIL का प्रचालन से कारोबार 26,246 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 4,356 करोड़ रुपये, कर-पूर्व लाभ (PBT) 2,159 करोड़ रुपये और कर-पश्चात लाभ (PAT) 1,636 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इस दौरान कच्चे इस्पात का उत्पादन 4.76 मिलियन टन और बिक्री 4.16 मिलियन टन रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से कुछ कम है।
कंपनी के अनुसार, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के कारण आपूर्ति श्रृंखला में संभावित बाधाओं को देखते हुए मरम्मत एवं रखरखाव (मेंटेनेंस) के कई कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे कर लिए गए। इसके कारण पहली तिमाही में उत्पादन और बिक्री पर सीमित प्रभाव पड़ा, लेकिन इससे आगामी तिमाहियों में उत्पादन अधिक स्थिर रहेगा और परिचालन क्षमता बेहतर होगी।
SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत में स्टील की मजबूत मांग ने उद्योग को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि परिचालन दक्षता बढ़ाने, लागत नियंत्रण और प्रभावी विपणन रणनीति के कारण कंपनी ने पहली तिमाही में उत्कृष्ट वित्तीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि SAIL अपनी मजबूत विनिर्माण क्षमता के बल पर घरेलू स्टील की बढ़ती मांग का लाभ उठाते हुए आने वाले समय में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगी।
