राजगीर के होटल अजातशत्रु का संचालन करेगा ITC समूह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में हुआ एमओयू

 राजगीर के होटल अजातशत्रु का संचालन करेगा ITC समूह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में हुआ एमओयू

Welcomhotel by ITC ब्रांड के तहत विकसित होगा होटल, मार्च 2027 तक शुरू होगा संचालन; पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पटना- बिहार के पर्यटन क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में मंगलवार को पटना स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राजगीर के होटल अजातशत्रु विहार के संचालन के लिए Welcomhotel (ITC समूह) और लीजधारी कलशी बिल्डकॉन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में पर्यटन अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजगीर, नालंदा, बोधगया समेत राज्य के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। ITC जैसे प्रतिष्ठित आतिथ्य समूह की भागीदारी से बिहार के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
एमओयू पर ITC समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा और कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमीत सिंह कलशी ने हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग की ओर से होटल अजातशत्रु विहार की विकास योजना का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि लगभग 2.67 एकड़ क्षेत्र में फैले होटल का संचालन Welcomhotel by ITC ब्रांड के तहत किया जाएगा। होटल में 104 आधुनिक कमरे, विशाल बैंक्वेट हॉल और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को 1 मार्च 2027 तक पूरा कर संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस परियोजना से राजगीर की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पहचान और मजबूत होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित ITC समूह और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।http://Politicaltrust.in