रोहा स्टेशन के आधुनिकीकरण और कर्जत में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए रेल मंत्री से मिले सांसद सुनील तटकरे

 रोहा स्टेशन के आधुनिकीकरण और कर्जत में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए रेल मंत्री से मिले सांसद सुनील तटकरे

नई दिल्ली- रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं लोकसभा की पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष सुनील दत्तात्रेय तटकरे ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रायगढ़ जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेल संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कर्जत रेलवे स्टेशन पर मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल करने, बंद की गई ट्रेन सेवाओं को दोबारा शुरू करने तथा रोहा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास एवं उन्नयन कराने का आग्रह किया।
सांसद तटकरे ने रेल मंत्री को सौंपे गए पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि कोंकण रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशन रोहा को भी इस योजना में शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि रोहा भारत के पहले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर सर चिंतामण द्वारकानाथ देशमुख का जन्मस्थान है। इसके अलावा नागोठणे स्थित औद्योगिक इकाइयों, विशेष रूप से रिलायंस जैसी बड़ी कंपनियों के कारण यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि मौजूदा आधारभूत सुविधाएं बढ़ती जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में स्टेशन का आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यापक पुनर्विकास समय की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान सांसद तटकरे ने कर्जत रेलवे स्टेशन पर पहले से उपलब्ध मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को फिर से शुरू करने और बंद की गई ट्रेनों का संचालन बहाल करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ट्रेनों के ठहराव बंद होने से कर्जत और खालापुर क्षेत्र के यात्रियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को कल्याण स्टेशन पर उतरकर लोकल ट्रेन के माध्यम से कर्जत पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती है।
सांसद ने कोयना एक्सप्रेस, कोल्हापुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस, कोणार्क एक्सप्रेस, चेन्नई एक्सप्रेस, हुसैन सागर एक्सप्रेस, सिद्धेश्वर एक्सप्रेस, हुबली एक्सप्रेस, हैदराबाद एक्सप्रेस और पुणे-मुंबई सिंहगढ़ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के कर्जत में ठहराव बहाल करने की मांग की। इसके साथ ही पनवेल-कर्जत-पुणे-बारामती पैसेंजर, सह्याद्री एक्सप्रेस, पुणे-भुसावल एक्सप्रेस और हुबली एक्सप्रेस जैसी बंद ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करने का भी अनुरोध किया।
सांसद सुनील तटकरे ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय यात्रियों की सुविधा, क्षेत्र के आर्थिक विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे रायगढ़ जिले के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।http://Politicaltrust.in