हाइड्रोजन ट्रेन से बदलेगी भारतीय रेलवे की तस्वीर, 17 जुलाई को जींद से होगी ऐतिहासिक शुरुआत
नई दिल्ली/चंडीगढ-हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने इसे हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन वाली आधुनिक तकनीक पर आधारित है और भारत के हरित एवं सतत परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जींद में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
रोहतक में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में डूबी हुई है, जिसके कारण समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी में केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया और किसी कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री पद के लिए आगे नहीं बढ़ाया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं करती और वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा की लगातार उपेक्षा इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और यहां ईमानदारी तथा निष्ठा से काम करने वालों को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह साबित किया है कि चाय बेचने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री और किसान का बेटा प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है। भाजपा में परिवारवाद और राजनीतिक वंशवाद के लिए कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने कार्यकाल में केवल रोहतक के विकास पर ध्यान दिया, जबकि मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य किए हैं। कुमारी शैलजा के भाजपा में शामिल होने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा से जुड़ने वाले हर व्यक्ति का पार्टी स्वागत करती है और भाजपा महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान देने वाली राजनीतिक पार्टी है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हरियाणा दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, जम्मू-कटरा हाईवे के हरियाणा हिस्से, कोरियावास मेडिकल कॉलेज तथा भिवानी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विभिन्न मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भिवानी में मंत्री श्रुति चौधरी, कोरियावास में मंत्री आरती राव, कुरुक्षेत्र में मंत्री श्याम सिंह राणा और अंबाला में मंत्री अनिल विज कार्यक्रमों से ऑनलाइन जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा दिया जाएगा। ट्रैक्टर-ट्रॉली, साइकिल, मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पेट्रोल और डीजल की खपत कम हो सके।http://Politicaltrust.in
