टनकपुर-नांदेड और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन अब शाहजहाँपुर तक जाएगी

 टनकपुर-नांदेड और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन अब शाहजहाँपुर तक जाएगी

बरेली– भारतीय रेल ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार शुरू कर दिया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने विभिन्न स्टेशनों से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल में तेजी से परिवर्तन हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37,000 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और देश में 99.6 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। बुलेट ट्रेन परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है और अगले वर्ष इसके संचालन का लक्ष्य है।
रेल मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए 12,000 नए सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से 4,000 कोच पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं। त्योहारों और यात्रा सीजन में विशेष ट्रेनों का संचालन भी लगातार बढ़ाया जा रहा है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल एक नई ट्रेन नहीं बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से महाराष्ट्र सहित मध्य और दक्षिण भारत से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि नई ट्रेन सेवाओं से सिख श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और अब श्रद्धालु सीधे टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड तक यात्रा कर सकेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन के शाहजहाँपुर तक विस्तार और टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के संचालन से पीलीभीत क्षेत्र के लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इससे पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
समारोह में सांसद मिथलेश कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी नई रेल सेवाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।