BYC Foundation ने उत्साहपूर्वक मनाया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

 BYC Foundation ने उत्साहपूर्वक मनाया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Political Trust Magazine 

“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर हुआ विशेष आयोजन

नई दिल्ली। स्वास्थ्य, योग एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय BYC Foundation द्वारा 21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सफल आयोजन सनातन धर्म मंदिर, लाजपत नगर-3, नई दिल्ली में किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रहा, जिसके माध्यम से समाज को योग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं भजन प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात BYC Foundation की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी योग गुरु श्रीमती काजल चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों का स्वागत किया।

योग गुरु काजल चौधरी के निर्देशन में आयोजित विशेष योग प्रोटोकॉल सत्र में उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सत्र के दौरान स्वस्थ वृद्धावस्था, शारीरिक सक्रियता, मानसिक संतुलन तथा रोगों की रोकथाम में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदय शंकर सिंह (CEO, विश्व युवक केंद्र) ने अपने संबोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथियों डॉ. सुनील सिंह एवं योग गुरु मंगेश त्रिवेदी ने भी योग के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

 

कार्यक्रम के सांस्कृतिक खंड में छोटे बच्चों द्वारा सामूहिक योग प्रदर्शन, महिला समूह द्वारा योग प्रस्तुति तथा सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की ऊर्जा, अनुशासन एवं योग के प्रति समर्पण ने समारोह को विशेष बना दिया।

समारोह के दौरान अतिथियों एवं प्रतिभागियों का सम्मान किया गया तथा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को विशेष उपहार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर योग गुरु काजल चौधरी ने कहा, “योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवनभर स्वस्थ रहने का संकल्प है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। BYC Foundation एक सामाजिक संस्था के रूप में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, भूख उन्मूलन एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारा विश्वास है कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। छोटे-छोटे प्रयासों और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से हम एक ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहे हैं जो स्वास्थ्य, संवेदनशीलता, समानता और सेवा के मूल्यों पर आधारित हो।”

योग गुरु काजल चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

संदेश

“योग केवल जीवन में वर्षों को नहीं जोड़ता, बल्कि वर्षों में जीवन जोड़ता है। आइए, हम सभी मिलकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लें।”

http://Politicaltrust.in