एलपीजी बुकिंग समस्याओं को लेकर सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखा पत्र

 एलपीजी बुकिंग समस्याओं को लेकर सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखा पत्र

नई दिल्ली/गढ़वाल। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने नवगठित कोटद्वार एवं श्रीनगर नगर निगमों तथा विस्तारित नगर निकायों के अंतर्गत शामिल क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बुकिंग में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र प्रेषित किया है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री से दूरभाष पर भी चर्चा की।
सांसद अनिल बलूनी ने मंत्री को बताया कि नगर निगमों और विस्तारित निकाय क्षेत्रों में शामिल होने के बाद अनेक उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं आपूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्या के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आश्वस्त किया कि वे संबंधित अधिकारियों को मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अनिल बलूनी ने कहा कि उनका प्रयास है कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं आपूर्ति में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें पूर्ववत सुविधाएं सुगमता से मिलती रहें।