21 जून को आयोजित होगा 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह
“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर होगा आयोजन, योग जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली। स्वास्थ्य, योग एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय BYC Foundation द्वारा 21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखा गया है, जिसका उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
यह कार्यक्रम सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक सनातन धर्म मंदिर, फिरोज गांधी मार्ग, ब्लॉक-एल, लाजपत नगर-3, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं बड़ी संख्या में योग साधकों की सहभागिता रहने की संभावना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं भजन प्रस्तुति से होगा। इसके पश्चात BYC Foundation की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) योग गुरु काजल चौधरी स्वागत संबोधन देंगी। उनके निर्देशन में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर विशेष योग प्रोटोकॉल सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में डेकाथलॉन, एलआईसी एवं वन साइंस न्यूट्रिशन सहित विभिन्न प्रायोजक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि डॉ. सुनील सिंह एवं योग गुरु मंगेश त्रिवेदी योग के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदय शंकर सिंह समारोह को संबोधित करेंगे।
योग सत्र के अतिरिक्त छोटे बच्चों द्वारा सामूहिक योग प्रदर्शन, महिला समूह द्वारा योग प्रस्तुति तथा सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। समारोह के दौरान अतिथियों, प्रायोजकों एवं प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा तथा डेकाथलॉन द्वारा विशेष उपहारों का वितरण भी किया जाएगा।
BYC Foundation स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, भूख उन्मूलन एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था की संस्थापक योग गुरु काजल चौधरी पिछले 16 वर्षों से योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
योग गुरु काजल चौधरी का मानना है कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार का निर्माण करता है, स्वस्थ परिवार स्वस्थ समाज की नींव रखता है और स्वस्थ समाज एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनका मानना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि जागरूक, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से उत्तरदायी समाज के निर्माण का भी सशक्त साधन है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
