आर्थिक सहायता हो या आवास, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है: मुख्यमंत्री योगी

 आर्थिक सहायता हो या आवास, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है: मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों को भरोसा दिलाया कि आर्थिक सहायता हो या आवास, सरकार हर जरूरतमंद के साथ मजबूती से खड़ी है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीज का उपचार प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट उपलब्ध कराएं, सरकार तत्काल सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें इलाज के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो। आवश्यकता पड़ने पर विवेकाधीन कोष से भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

आवास की मांग लेकर पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध करा रही है। किसी भी पात्र व्यक्ति को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में शिकायत मिलने पर उन्होंने जिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आवास, शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी परंपरागत दिनचर्या का निर्वहन करते हुए गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में गोसेवा की और गायों को अपने हाथों से गुड़ व हरा चारा खिलाया। मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों से मुलाकात की, उन्हें चॉकलेट दी और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी लेते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।