अब ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं जेवर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 अब ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं जेवर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

जेवर एयरपोर्ट की पहली फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे 170 किसानों का मुख्यमंत्री आवास पर भव्य स्वागत
लखनऊ- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसानों का सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। जेवर से लखनऊ के लिए संचालित पहली वाणिज्यिक उड़ान से 28 महिलाओं सहित कुल 170 किसान राजधानी पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि जेवर अब ऐसा क्षेत्र बन चुका है, जहां बड़ी-बड़ी कंपनियों के साथ-साथ “कुबेर” भी आना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली परियोजना है। उन्होंने याद करते हुए बताया कि जब जेवर एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब किसानों में कई तरह की आशंकाएं थीं। लेकिन किसानों ने विकास पर विश्वास जताया और आज उसी का परिणाम है कि जेवर देश और दुनिया के निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन केवल जेवर या गौतमबुद्ध नगर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा, किसानों के सहयोग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को श्रेय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट भारत का पहला बड़ा कार्गो और एमआरओ (मेंटिनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉलिंग) केंद्र बनने जा रहा है। इससे प्रदेश के किसान अपने फल, सब्जियां, अनाज और अन्य उत्पाद सीधे वैश्विक बाजारों तक पहुंचा सकेंगे, जिससे उनकी आय में कई गुना वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि जेवर क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग यूनिट, सेमीकंडक्टर उद्योग, डेटा सेंटर, फिल्म सिटी, टॉय पार्क, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क और आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स आधारित विश्वस्तरीय औद्योगिक परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही दुनिया के पांच प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय भी यहां अपने कैंपस स्थापित करने की तैयारी में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता समाप्त करना है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण और टाटा समूह के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक, कौशल विकास, डिप्लोमा और डिग्री आधारित प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार जो कहती है, वह करती भी है। किसानों, युवाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, चिकित्सा और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, अपर मुख्य सचिव (वित्त एवं नागरिक उड्डयन) दीपक कुमार, इंडिगो के विशेष निदेशक आर.के. सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी तथा यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।