नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान से सीएम योगी का अभिनंदन करने लखनऊ जाएंगे जेवर के किसान
लखनऊ– नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान सोमवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पल की साक्षी बनेगी। जेवर क्षेत्र के करीब 170 किसान और खेतिहर मजदूर, जिनमें 20 महिला किसान भी शामिल हैं, पहली बार इसी एयरपोर्ट से हवाई यात्रा कर लखनऊ पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करेंगे।
ये वही किसान परिवार हैं जिन्होंने प्रदेश और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जमीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए उपलब्ध कराई थी। वर्षों तक खेतों में खेती करने वाले इन किसानों के लिए यह यात्रा केवल हवाई सफर नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और विकास में उनकी भागीदारी का प्रतीक मानी जा रही है।
लखनऊ पहुंचने पर किसान प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा और प्रदेश में हुए विकास कार्यों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करेगा। इस अवसर को किसानों और सरकार के बीच विश्वास तथा साझेदारी के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में 20 महिला किसानों की भागीदारी इस यात्रा को और विशेष बना रही है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर पहली बार विमान यात्रा करने जा रही ये महिलाएं महिला सशक्तीकरण और विकास में समान भागीदारी का संदेश देंगी। यह पहल दर्शाती है कि प्रदेश के विकास की धारा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह अवसर केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और संवेदनशीलता का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहा है, जिसमें किसान केवल लाभार्थी नहीं बल्कि विकास के सम्मानित साझीदार हैं।
उन्होंने कहा कि जिन पैरों में कभी खेत की मिट्टी लगती थी, आज वही विमान की सीढ़ियां चढ़ेंगे। यह किसानों के आत्मसम्मान का उत्सव है और उस विश्वास का परिणाम है, जिसने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा दी है।
