नन्हे बच्चों की हिंदी प्रतिभा आशा जगाती है : इंदिरा मोहन

 नन्हे बच्चों की हिंदी प्रतिभा आशा जगाती है : इंदिरा मोहन

नई दिल्ली। हिंदी भाषा और साहित्य के संवर्धन के उद्देश्य से ‘दिल्ली हिंदी साहित्य सम्मेलन’ एवं ‘हिंदी प्रतिभा पुंज’ संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिंदी प्रतिभा प्रदर्शन समारोह’ का आयोजन हिंदी भवन, विष्णु दिगंबर मार्ग, नई दिल्ली में किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं ने सभी का मन मोह लिया।
समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात गीतकार एवं दिल्ली हिंदी साहित्य सम्मेलन की अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा मोहन तथा श्री राजेश श्रीवास्तव ने की, जबकि श्रीमती सविता चड्ढा का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में श्रीमती इंदिरा मोहन ने कहा कि, “नन्हे बच्चों की हिंदी प्रतिभा आशा जगाती है। हिंदी संस्कार, आत्मीयता और प्रेम की भाषा है। यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन, संस्कार और अवसर मिलते रहे तो वे भविष्य में हिंदी के सशक्त ध्वजवाहक बनेंगे।”

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सुरम्या शर्मा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना पर आधारित नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री ऋषि कुमार शर्मा, डॉ. विवेक गौतम एवं श्री राम अवतार बैरवा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. रवि शर्मा ‘मधुप’ एवं डॉ. सुधा शर्मा ‘पुष्प’ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अंगवस्त्र, माला और पुस्तक भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 20 प्रतिभागियों ने कविता पाठ, भाषण, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन नीलम मदान, सुश्री प्रदन्या शर्मा और सरिता गुप्ता ने किया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। श्रीमती तरुणा पुंडीर एवं भावना अरोड़ा ने के.आर. मंगलम विद्यालय के विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में विशेष भूमिका निभाई।
इस अवसर पर ज्योति स्वरूप गौड़, डॉ. नीलम वर्मा, आचार्य अनमोल, कीर्तिवर्धन, नवीन गुप्ता, मुहम्मद इसहाक खान, डॉ. रेखा चंदोला, तूलिका सेठ, सुनील विज, रामानुज सुंदरम, वीरेंद्र सैनी, प्रदीप कुमार, शोभा ठाकुर, कमलेश्वर शरण, समीर सक्सेना, अभिलाष, प्रेम सागर ‘प्रेम’, पुष्पा सिन्हा, सूक्ष्मलता महाजन सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

उपस्थित जनों ने इसे हिंदी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला प्रेरणादायी और सार्थक आयोजन बताया।

कार्यक्रम सौहार्द, साहित्यिक ऊर्जा और हिंदी भाषा के प्रति समर्पण के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

http://Politicaltrust.in