आईजीएल में नेतृत्व परिवर्तन: कुमार शंकर बने नए प्रबंध निदेशक

 आईजीएल में नेतृत्व परिवर्तन: कुमार शंकर बने नए प्रबंध निदेशक

नई दिल्ली-देश की सबसे बड़ी सिटी गैस वितरण (CGD) कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। कुमार शंकर ने आईजीएल के नए प्रबंध निदेशक (Managing Director) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कमल किशोर चटियाल का स्थान लिया है, जिन्हें तीन वर्ष के कार्यकाल के बाद उनकी मूल कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड में वापस भेजा गया है।
बीआईटीएस पिलानी से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त कुमार शंकर के पास तेल एवं गैस क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उन्होंने प्राकृतिक गैस उद्योग में गैस प्रोसेसिंग प्लांट्स के संचालन, पेट्रोकेमिकल परियोजनाओं के प्रबंधन, कॉर्पोरेट रणनीति एवं योजना, विपणन, नियामकीय मामलों और सिटी गैस वितरण क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
आईजीएल से जुड़ने से पहले वह पुणे स्थित महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) के प्रबंध निदेशक थे। उनके नेतृत्व में एमएनजीएल ने उल्लेखनीय विकास किया और देश की शीर्ष पांच सीजीडी कंपनियों में अपनी जगह बनाई। घरेलू पाइप्ड गैस कनेक्शन और गैस अवसंरचना के विस्तार में भी कंपनी ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
इससे पूर्व कुमार शंकर ने करीब तीन दशकों तक गेल (इंडिया) लिमिटेड में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में कार्य किया। नियामकीय मामलों, ओपन एक्सेस, पाइपलाइन टैरिफ और गैस क्षेत्र से जुड़े नीतिगत सुधारों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
भारतीय प्राकृतिक गैस क्षेत्र में पिछले दो दशकों के दौरान हुए कई अहम नीतिगत और नियामकीय बदलावों में भी उनका योगदान रहा है। राष्ट्रीय गैस ग्रिड के लिए यूनिफाइड टैरिफ प्रणाली लागू कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को क्षेत्र में एक बड़े सुधार के रूप में देखा जाता है।
आईजीएल, गेल (इंडिया) लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का संयुक्त उपक्रम है, जिसमें दिल्ली सरकार की 5 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, करनाल, कैथल, अजमेर, पाली, राजसमंद, हमीरपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बांदा तथा कानपुर और मेरठ के कुछ हिस्सों सहित कई शहरों में सिटी गैस वितरण सेवाएं प्रदान कर रही है।
वर्तमान में आईजीएल के पास 30,000 किलोमीटर से अधिक का पाइपलाइन नेटवर्क है। कंपनी 1,000 से अधिक सीएनजी स्टेशनों के माध्यम से 21 लाख से अधिक वाहनों को सीएनजी उपलब्ध करा रही है, जबकि लगभग 35 लाख घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) से जोड़ा जा चुका है।