केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश के कई सीमावर्ती इलाकों का दौरा करेंगे

 केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश के कई सीमावर्ती इलाकों का दौरा करेंगे
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आने वाले दिनों में देश के कई सीमावर्ती इलाकों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सीमा चौकियों पर जवानों के साथ समय बिताएंगे और जमीनी हालात का जायजा लेंगे। शाह का फोकस सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने, बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने और नशे की तस्करी पर लगाम कसने पर रहेगा। गृह मंत्रालय, बीएसएफ और राज्य सरकारों के अधिकारियों के साथ स्मार्ट फेंसिंग प्रोजेक्ट को लेकर भी अहम बैठकें होंगी। गृह मंत्री सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की समीक्षा करेंगे और जवानों की समस्याएं भी सुनेंगे। गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे की शुरुआत राजस्थान के बीकानेर से करेंगे। 26 मई को वह बीएसएफ की 179वीं वाहिनी की सीमा चौकी सांचू पहुंचेंगे। यहां वह प्रहरी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और जवानों के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा शाह महिला बैरकों का ई-उद्घाटन भी करेंगे। बीकानेर में गृह मंत्री की एक उच्चस्तरीय बैठक भी प्रस्तावित है। इस बैठक में बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे। बैठक में सीमा सुरक्षा, घुसपैठ और सीमावर्ती इलाकों की चुनौतियों पर चर्चा होगी। सरकार का उद्देश्य सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।