बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर पथराव, गाड़ी तोड़ी

 बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर पथराव, गाड़ी तोड़ी
बागपत। मुगलपुरा मोहल्ले में बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को विरोध और पथराव का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पथराव में दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
बताया गया कि बुधवार देर रात इलाके में बिजली फॉल्ट हो गया था। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम बृहस्पतिवार दोपहर फॉल्ट ठीक करने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच कर्मचारियों से गाली गलाैज कर दी, विरोध बढ़ने पर कर्मचारियों को काम रोकना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कर्मचारियों पर पथराव किया गया। इस बीच खंभे पर लगी सीढ़ी भी हटाकर फेंक दी गई। स्थिति बिगड़ती देख विद्युत कर्मचारी वहां से हट गए। हंगामे के दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने विरोध कर रहे एक व्यक्ति रोका, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया।