प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मानवीय व्यक्तित्व पर केंद्रित शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ का भव्य लोकार्पण

 प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मानवीय व्यक्तित्व पर केंद्रित शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ का भव्य लोकार्पण

वेंकैया नायडू और एच.डी. देवेगौड़ा ने कहा- ‘अपनापन’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, संवाद और राष्ट्रभाव का जीवंत दस्तावेज
नई दिल्ली, 26 मई 2026। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ का मंगलवार को नई दिल्ली में भव्य लोकार्पण किया गया। समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रभात प्रकाशन के निदेशक प्रभात कुमार सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम केवल पुस्तक विमोचन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व, कार्यकर्ता-प्रेम और राष्ट्रभाव पर केंद्रित एक आत्मीय संवाद का रूप लेता नजर आया।

पुस्तक ‘अपनापन’ में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी करीब 35 वर्षों की सार्वजनिक और राजनीतिक सहयात्रा के अनुभवों को साझा किया है। पुस्तक में मोदी जी के नेतृत्व, संगठन क्षमता, जनसेवा, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और उनके मानवीय पक्ष का विस्तार से वर्णन किया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद को जनविश्वास का सबसे बड़ा माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों ने देश के करोड़ों लोगों को सीधे प्रधानमंत्री से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व भारत की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला साबित हुआ है।
वेंकैया नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आज दुनिया के कई नेता “नमस्ते” को अपनाते नजर आते हैं, जो भारतीय संस्कृति के बढ़ते प्रभाव का प्रतीक है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म पुरस्कारों को नई दिशा दी है। अब उन लोगों को भी सम्मान मिल रहा है, जिन्होंने चुपचाप समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने इसे “रिकॉग्नाइज द अनरिकॉग्नाइज्ड” की सोच बताया।
वेंकैया नायडू ने शिवराज सिंह चौहान के राजनीतिक जीवन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 17 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह ने जनता का विश्वास कायम रखा। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और जनसंपर्क क्षमता ने उन्हें लोगों के बीच “मामा” के रूप में लोकप्रिय बनाया।
पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने कहा कि ‘अपनापन’ केवल संस्मरण नहीं, बल्कि जनसेवा, ग्रामीण भारत और संवेदनशील नेतृत्व की गंभीर अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि किसी भी जननेता की वास्तविक ताकत उसकी करुणा, धैर्य और सेवा-भाव में होती है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमेशा देश और समाज के लिए समर्पित होकर काम करते देखा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का अपनापन केवल व्यवहार नहीं, बल्कि उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना का स्वाभाविक विस्तार है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विश्वसनीयता केवल उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उनकी नीयत की पारदर्शिता, आचरण की सादगी और निरंतर कर्म से बनी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व देश के आत्मविश्वास की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है।
कार्यक्रम में प्रभात प्रकाशन के निदेशक प्रभात कुमार ने कहा कि ‘अपनापन’ जैसी पुस्तकें सार्वजनिक जीवन में मानवीय संबंधों और विश्वास की परंपरा को सामने लाती हैं।
समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी, लेखक, पत्रकार और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

http://Politicaltrust.in