अहमदाबाद में 138वीं OSCC बैठक, समुद्री और ऊर्जा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने पर जोर
नई दिल्ली/अहमदाबाद। भारत के अपतटीय प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 138वीं ऑफशोर सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी (OSCC) की बैठक बुधवार को अहमदाबाद में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने की।
बैठक में भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, डीजी शिपिंग, इंटेलिजेंस ब्यूरो, ओएनजीसी तथा विभिन्न राज्यों की पुलिस बलों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य, आधुनिक युद्ध की चुनौतियों, ड्रोन एवं मानव रहित प्रणालियों से उत्पन्न खतरों तथा अंडमान-निकोबार क्षेत्र में बढ़ती अपतटीय गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समिति ने समुद्री सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए समुद्री क्षेत्र जागरूकता (Maritime Domain Awareness), विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, निगरानी क्षमता और संयुक्त प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, देश की ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं, ताकि किसी भी उभरते खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।http://Politicaltrust.in
