ठेके पर हत्या की साजिश का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

 ठेके पर हत्या की साजिश का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
ठाणे। पुलिस ने एक ‘ठेके पर हत्या’ की साजिश का पर्दाफाश किया है और पीड़ित के छोटे भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इन लोगों ने कथित तौर पर हमलावरों को काम पर रखा था और जांचकर्ताओं को गुमराह करने और हत्या में अपनी भूमिका छिपाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी।
एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित परेश तोलाराम पाटिल (40) की 12 मई को संपत्ति विवाद को लेकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और उसके भाई ने कथित तौर पर ठेके पर हत्यारों को 10 लाख रुपये दिए थे। उसी दिन, महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में रहने वाले ऑटो रिक्शा चालक नरेश तोलाराम पाटिल (37) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई परेश की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है।
नरेश के अनुसार, उनका भाई पड़ोसी पालघर जिले के वसई में काम पर मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे रोककर धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक अनमोल मित्तल ने यह जानकारी दी। शिकायत मिलने पर गणेशपुरी पुलिस ने 13 मई को हत्या का मामला दर्ज किया।