सराफा बाजार में दिखी रौनक, दोनों धातुओं में आई तेजी

 सराफा बाजार में दिखी रौनक, दोनों धातुओं में आई तेजी

नई दिल्ली। आभूषण विक्रेताओं और खुदरा कारोबारियों की ओर से आई ताजा मांग के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सराफा बाजार में रौनक देखने को मिली। सोने और चांदी दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। हालांकि, वैश्विक स्तर पर अमेरिका-ईरान के बीच जारी भू-राजनीतिक तनाव और महंगाई की चिंताओं के कारण बाजार में निवेशकों के बीच अभी भी सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन’ द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में चांदी की कीमतों में 3,500 रुपये की बड़ी रिकवरी देखी गई। इस उछाल के साथ चांदी का भाव 2.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है, जो पिछले कारोबारी सत्र में 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत (सभी करों सहित) में 200 रुपये की बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह 1,56,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। वैश्विक बाजार और अमेरिका-ईरान तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमोडिटी की कीमतों पर भू-राजनीतिक उठापटक का सीधा असर दिख रहा है।