आईपीएल के डे-नाइट मुकाबले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- दिल्ली राष्ट्रीय
Political Trust
- April 8, 2026
- 0
- 63
- 1 minute read
नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में आज यानी बुधवार को खेले जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के डे-नाइट मुकाबले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाएगा, जो शाम 7 बजे से शुरू होकर रात करीब 10:30 बजे तक चलेगा। मैच के दौरान स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सेंट्रल रेंज के पुलिस उपायुक्त निशांत गुप्ता ने बताया कि मैच के दिन दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक की सड़कों पर किसी भी भारी वाहन या कमर्शियल वाहन को आने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस दौरान अनावश्यक रूप से इन मार्गों का उपयोग करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का चयन करें।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और आसफ अली रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। राजघाट से दिल्ली गेट और कमला मार्केट गोलचक्कर तक जेएलएन मार्ग के दोनों ओर यातायात प्रभावित रहेगा। वहीं तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक बहादुरशाह जफर मार्ग पर भी यातायात सीमित रहेगा। इन मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेटों के अनुसार मार्ग निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर 1 से 8 दक्षिणी दिशा में स्थित हैं, जहां से प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग की ओर से होगा। गेट नंबर 10 से 15 पूर्वी दिशा में स्थित हैं, जहां से जेएलएन मार्ग के जरिए प्रवेश मिलेगा। वहीं गेट नंबर 16 से 18 पश्चिमी दिशा में हैं, जहां से प्रवेश पेट्रोल पंप के पास बहादुरशाह जफर मार्ग से किया जा सकेगा। दर्शकों से अपील की गई है कि वे अपने टिकट पर दिए गए गेट के अनुसार ही प्रवेश करें, जिससे अव्यवस्था से बचा जा सके।
