• July 17, 2026

48 घंटे के दौरान आठ डिग्री तक गिरा तापमान, आज भी बारिश के आसार

 48 घंटे के दौरान आठ डिग्री तक गिरा तापमान, आज भी बारिश के आसार
नई दिल्ली। मंगलवार से शुरू बारिश बृहस्पतिवार तक जारी रहने के आसार हैं। इसके चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में आगामी 48 घंटों के दौरान छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में उतनी ही बढ़ोतरी होने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बुधवार को पूरे प्रदेश में आंधी-पानी का असर देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह मौसमी बदलाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर धीरे-धीरे पूर्वी दिशा की ओर बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और आसपास के इलाके में ओलावृष्टि की संभावना है। गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन एवं आसपास के इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड,बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाके में 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।