आरएसएस के नाम पर फर्जी पत्र वायरल, भाजपा ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

 आरएसएस के नाम पर फर्जी पत्र वायरल, भाजपा ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
नई दिल्ली। असम में चुनाव प्रचार समाप्त होने के अंतिम दिन एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नाम पर एक फर्जी पत्र जारी किया गया। इसे कथित रूप से संघ प्रमुख द्वारा प्रधानमंत्री को लिखा गया पत्र बताया जा रहा है। असम में ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा संघ और भाजपा पर की गई अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी के बाद संघ के नाम से फर्जी पत्र जारी करने को कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम से जोड़कर देखा जा रहा है। रा.स्व. संघ के प्रचार विभाग के पूर्व पदाधिकारी व सुरूचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि हालांकि इस सबसे हमारा स्वयंसेवक और संघ के जानकार प्रभावित नहीं होते। पर चुनावी राजनीति के लिए अनावश्यक रूप से संघ पर हमले करने से कांग्रेस ही रसातल में जा रही है। लोग उनकी इस घटिया मानसिकता को खारिज कर रहे हैं।
दरअसल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लेटरहेड पर और संघ प्रमुख के फर्जी हस्ताक्षर से प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र की भाषा शैली ही इतनी स्तरहीन और घटिया है कि संघ का स्वयंसेवक तो क्या, कोई भी सामान्य समझ का व्यक्ति भी उसे खारिज कर देगा। पत्र में संघ की नाराजगी को दिखाने के लिए प्रधानमंत्री को कथित रूप से यह कहा गया है कि असम भाजपा में जो हो रहा है और मुख्यमंत्री पर जो आरोप लग रहे हैं, वह गंभीर हैं और उसे देखा जाना चाहिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री को चेतावनी या सलाह देने वाली भाषा में पत्र लिखा गया है।