दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे’ का लोकार्पण 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर

 दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे’ का लोकार्पण 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर
नई दिल्ली। वेस्ट यूपी और उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाले ‘दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे’ का लोकार्पण 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर किया जाएगा। इस ऐतिहासिक परियोजना के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की प्रबल संभावना है। भाजपा नगर विधायक राजीव गुंबर ने शनिवार को कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी साझा की।एक्सप्रेस-वे के समीप स्थित गणेशपुर गांव में लोकार्पण समारोह की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं और कुल 5 हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। उद्घाटन के साथ ही दोनों शीर्ष नेता प्रसिद्ध डाटकाली देवी मंदिर में जाकर विशेष पूजा-अर्चना भी करेंगे। आधिकारिक प्रोटोकॉल का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन सक्रिय हो गया है। कमिश्नर रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल और एनएचएआई (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभास्थल का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को परखा है।
जयंती का विशेष महत्व
भाजपा नेतृत्व इस गौरवशाली परियोजना को दलित समाज के मसीहा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर राष्ट्र को समर्पित कर एक संदेश देना चाहता है। सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों में इसे लेकर भारी उत्साह है। प्रशासनिक अमला और भाजपा कार्यकर्ता इस मेगा इवेंट को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।