खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर, आत्मघाती ड्रोन हमले में कुवैत तबाह

 खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर, आत्मघाती ड्रोन हमले में कुवैत तबाह
कुवैत/बगदाद। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग के 26वें दिन खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। मंगलवार रात ईरान ने कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर आत्मघाती ड्रोन हमला किया, जिससे एयरपोर्ट परिसर में स्थित फ्यूल टैंकों में भीषण आग लग गई। इस हमले में कुवैत बुरी तरह से तबाह हो गया है। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और कुवैती सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुवैत की जवाबी कार्रवाई
कुवैत की सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि उनके वायु रक्षा तंत्र (Air Defence System) ने कई दुश्मन ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया है। सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे धमाकों की आवाज से न घबराएं, क्योंकि यह आवाजें घुसपैठ कर रही मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराने की हैं। इससे पहले कुवैत के नेशनल गार्ड ने सतर्कता बरतते हुए अपने अधिकार क्षेत्र में प्रवेश कर रहे 5 ड्रोनों को सफलतापूर्वक मार गिराने का दावा किया था। सरकार ने सभी नागरिकों को सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है।
इराक में अमेरिकी ठिकानों पर 23 हमले
दूसरी ओर, इराक के उग्रवादी समूह ‘इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक’ ने युद्ध में सीधे कूदने का ऐलान करते हुए पिछले 24 घंटों में अमेरिका से जुड़े 23 ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। समूह के मुताबिक, इन हमलों में लंबी दूरी की मिसाइलों और उन्नत ड्रोनों का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान की सटीक जानकारी अभी वाशिंगटन द्वारा साझा नहीं की गई है, लेकिन इन हमलों ने क्षेत्र में अमेरिकी उपस्थिति के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है।