• July 17, 2026

पश्चिम बंगाल में 10 लाख मतदाताओं के नाम कटने से खलबली, जारी होगी मतदाता पूरक सूची  

 पश्चिम बंगाल में 10 लाख मतदाताओं के नाम कटने से खलबली, जारी होगी मतदाता पूरक सूची  
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों के बीच सोमवार का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। राज्य प्रशासन आज सोमवार शाम तक ‘एसआईआर’ की पहली पूरक मतदाता सूची जारी करने जा रहा है। इस सूची के सार्वजनिक होने से पहले राज्यभर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष गश्त शुरू कर दी गई है।
बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, पिछले शुक्रवार तक निपटाए गए 27 लाख 30 हजार मामलों के आधार पर यह पहली पूरक सूची तैयार की गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस प्रक्रिया में लगभग 10 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। इस सूची में दो मुख्य श्रेणियां होंगी, जिनमें वे नाम जिन्हें अंतिम मतदाता सूची में नया जोड़ा गया है। इसके अलावा वे नाम जिन्हें विभिन्न आधारों पर हटाया गया है। आयोग का कहना है कि प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है। मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत के लिए संबंधित अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन होगी उपलब्ध
यह सूची शाम छह बजे के बाद आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी। जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सूची की हार्ड कॉपी संबंधित पोलिंग बूथों पर तुरंत भिजवाकर वहां चस्पा कर दी जाए। इसके अलावा, मतदाता चुनाव आयोग और बंगाल सीईओ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपना नाम चेक कर सकेंगे।
विरोध और हिंसा को रोकने के लिए सुरक्षा कड़ी
किसी भी संभावित उग्र विरोध या हिंसा को रोकने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में निगरानी बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रविवार से ही राज्यभर के थानों का दौरा कर प्रभारियों को निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, 31 मार्च तक केंद्रीय बलों की 300 अतिरिक्त कंपनियां बंगाल पहुंच जाएंगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।