सोने की कीमत में गिरावट, डॉलर हुआ मजबूत
- कारोबार दिल्ली राष्ट्रीय
Political Trust
- March 23, 2026
- 0
- 66
- 1 minute read
नई दिल्ली। मुनाफावसूली और डॉलर के मजबूत होने के कारण सोने की कीमतों में करीब 5.89 प्रतिशत तक गिरावट देखने को मिली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल वायदा 0.23 प्रतिशत बढ़ा और यह 1,44,825 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि एमसीएक्स सिल्वर मई वायदा 1.72 प्रतिशत यानी 3,990 रुपए गिरकर 2,27,470 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 999 प्यूरिटी वाले सोने का भाव शुक्रवार को 1,47,218 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा, जो सोमवार के 1,56,436 रुपए के मुकाबले काफी कम है। वहीं 999 प्यूरिटी वाली चांदी का भाव 2,32,364 रुपए प्रति किलोग्राम रहा, जो सोमवार के 2,48,711 रुपए के मुकाबले 16,000 रुपए से ज्यादा कम है।
विश्लेषकों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और उससे संबंधित मिले-जुले संकेतों के कारण आने वाले हफ्ते में भी सोना-चांदी पर दबाव बना रह सकता है। पहले सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मांग के कारण इनकी कीमतों में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन अब उतार-चढ़ाव से निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है। इजरायल द्वारा ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले और इसके जवाब में ईरान की कार्रवाई से तेल और गैस की कीमतें बढ़ी हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ने का खतरा है। दूसरी ओर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व, बैंक ऑफ जापान, बैंक ऑफ कनाडा और बैंक ऑफ इंग्लैंड ने सख्त रुख दिखाया है, जिससे ब्याज दरें बढ़ने या ऊंची बनी रहने की संभावना है। इससे सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव पड़ता है।
