लखनऊ में संघ और भाजपा की बड़ी बैठक, रामनवमी से योगी मंत्रिमंडल विस्तार संभव

 लखनऊ में संघ और भाजपा की बड़ी बैठक, रामनवमी से योगी मंत्रिमंडल विस्तार संभव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों काफी हलचल है। लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा कोर कमेटी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच घंटों चली ‘समन्वय बैठक’ ने प्रदेश में बड़े बदलावों के संकेत दे दिए हैं। इस बैठक की कमान संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने संभाली, जो भाजपा और संघ के बीच सेतु का कार्य देखते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में भविष्य का रोडमैप तैयार किया गया।
श्रीराम नवमी से पहले नई टीम ?
बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा योगी मंत्रिमंडल का विस्तार रहा। सूत्रों के अनुसार, सरकार में खाली पड़े पदों को भरने के लिए नामों पर सहमति बन गई है। माना जा रहा है कि श्रीराम नवमी से पहले राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। इसमें क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों (OBC और दलित वर्ग) को साधने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभेद्य दुर्ग तैयार किया जा सके।
संगठन में ‘संभाग’ प्रणाली और युवा कनेक्ट
संघ ने संगठनात्मक ढांचे में बड़े फेरबदल का प्रस्ताव रखा है। अब प्रांतों के स्थान पर छोटी इकाइयां यानी ‘संभाग’ बनाए जाएंगे ताकि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद हो सके। इसके साथ ही, भाजपा अनुसूचित समाज के युवाओं को जोड़ने के लिए एक विशेष मेगा अभियान शुरू करेगी। संत रविदास के जीवन पर आधारित कार्यक्रमों के जरिए दलित समाज के बीच पैठ मजबूत करने की रणनीति भी बनाई गई है।
समन्वय और पंच परिवर्तन का मंत्र
बैठक में ‘पंच परिवर्तन’,सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्व-आधारित रचना और नागरिक कर्तव्य,को जन-जन तक ले जाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि सरकार की उपलब्धियों की तुलना पिछली सरकारों से करते हुए एक आक्रामक प्रचार अभियान चलाया जाए। आज होने वाली कैबिनेट बैठक में ओबीसी आयोग के गठन जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लग सकती है। साथ ही पंचायत चुनाव से पहले ओबीसी आयोग के गठन पर भी गंभीर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में आगामी सोमवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है।