जेडीयू के एक युग का अंत, केसी त्यागी ने दिया पार्टी से नाता तोड़ा
- दिल्ली राजनीति राष्ट्रीय
Political Trust
- March 18, 2026
- 0
- 42
- 1 minute read
पटना। बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कद्दावर नेता और पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने आधिकारिक तौर पर पार्टी से खुद को अलग कर लिया है। लंबे समय से चल रही खींचतान और अटकलों पर विराम लगाते हुए त्यागी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी पार्टी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं करेंगे। एक पत्र जारी कर उन्होंने इस निर्णय की जानकारी साझा की है, जिससे जेडीयू के साथ उनका दशकों पुराना सफर समाप्त हो गया है। केसी त्यागी और जेडीयू नेतृत्व के बीच पिछले काफी समय से दूरियां देखी जा रही थीं। पार्टी के भीतर उनके बयानों को न केवल नजरअंदाज किया जा रहा था, बल्कि कई मौकों पर पार्टी ने उनके स्टैंड से खुद को अलग भी कर लिया था। हाल ही में जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने संकेत दिए थे कि त्यागी का अब पार्टी के आंतरिक मामलों से कोई विशेष सरोकार नहीं रह गया है, जिसके बाद से ही उनके बाहर जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
केसी त्यागी के अलग होने की नींव बीते साल के विवादों में ही पड़ गई थी। साल 2024 में फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत सरकार के स्टैंड से अलग राय रखने और आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को हटाने के फैसले का विरोध करने पर वे विवादों में घिर गए थे। इन परिस्थितियों के दबाव में उन्हें सितंबर 2024 में राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, उन्होंने नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ देने की मांग कर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की थी, लेकिन पार्टी ने इसे उनकी ‘निजी राय’ करार देकर तवज्जो नहीं दी।
