प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में शुमार बिंदल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज पर आयकर विभाग की छापेमारी

 प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में शुमार बिंदल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज पर आयकर विभाग की छापेमारी
मुजफ्फरनगर। औद्योगिक क्षेत्र में सबसे प्रमुख और प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में शुमार बिंदल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। दिल्ली से पहुंची विशेष टीम ने पूरी गोपनीयता और योजना के तहत इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को अंजाम दिया, जिससे पूरे औद्योगिक और व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है।
दिल्ली की टीम का ‘गोपनीय ऑपरेशन’
बिंदल पेपर्स, शुगर मिल और आवास तक हड़कंप
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने बिंदल ग्रुप की विभिन्न इकाइयों और ठिकानों को एक साथ निशाने पर लिया। इस बड़ी कार्रवाई में ग्रुप की प्रमुख इकाइयाँ-बिंदल पेपर्स, टिहरी पेपर्स, शाकुम्भरी पेपर्स और बिंदल डुप्लेक्स पर एक साथ टीमें पहुंचीं।
कार्रवाई का दायरा यहीं नहीं रुका, बल्कि बिजनौर स्थित बिंदल शुगर मिल और मुजफ्फरनगर के गांधी कॉलोनी स्थित बिंदल परिवार के आवास समेत अन्य कई महत्वपूर्ण ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
तड़के शुरू हुई छापेमारी
बताया जा रहा है कि रेड की यह पूरी कार्रवाई अत्यंत गोपनीय तरीके से की गई। तड़के सुबह, जब शहर जाग रहा था, तभी दिल्ली से पहुंची आयकर विभाग की टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सभी चिह्नित ठिकानों पर दस्तक दी। कार्रवाई शुरू होते ही सभी परिसरों को सील कर दिया गया और बाहर किसी के आने-जाने पर रोक लगा दी गई।