• July 17, 2026

असम के तेज विकास के लिए काम कर रही डबल इंजन की सरकार : पीएम मोदी

 असम के तेज विकास के लिए काम कर रही डबल इंजन की सरकार : पीएम मोदी
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा। प्रधानमंत्री का आज कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन उसे रद्द कर दिया गया। जिसके बाद पीएम गुवाहाटी पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
गुवाहाटी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी गुवाहाटी से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए असम के कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “मौसम खराब होने की वजह से मैं कोकराझार नहीं आ पा रहा हूं। मैं आप सभी का क्षमाप्रार्थी हूं। यहां गुवाहाटी से ही आपसे संवाद संभव हुआ है। मैं दिल्ली से निकला था आपके पास आने के लिए, लेकिन मुझे गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा और अब मैं यहां से आपके दर्शन भी कर रहा हूं और आपसे बात भी कर रहा हूं।” उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की विरासत के संरक्षण और असम के तेज विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। आज यहां इस कार्यक्रम में ही इस क्षेत्र के विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें से 1,100 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि बोडोलैंड की सड़कों के लिए खर्च होने जा रही है। ‘असम माला अभियान’ के तीसरे चरण से असम की रोड़ कनेक्टिविटी और अधिक सशक्त होगी।