विक्की त्यागी को मौत के घाट उतारने वाले सागर मलिक के पिता की विवाह समारोह में गोलियां बरसाकर हत्या

 विक्की त्यागी को मौत के घाट उतारने वाले सागर मलिक के पिता की विवाह समारोह में गोलियां बरसाकर हत्या
बागपत। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपराध जगत में रात एक और खूनी अध्याय लिख दिया गया। मुजफ्फरनगर कोर्ट में वकील के भेष में कुख्यात डॉन विक्की त्यागी को मौत के घाट उतारने वाले सागर मलिक के पिता विवेक उर्फ विक्की मलिक (42) की बागपत के दोघट कस्बे में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। एक विवाह समारोह में हुए इस दुस्साहसिक हत्याकांड के बाद शामली का बहावड़ी गांव छावनी में तब्दील हो गया है।
शादी की खुशियों के बीच ‘डेथ वारंट’
जानकारी के अनुसार, शामली के बहावड़ी निवासी विवेक मलिक अपनी पत्नी (पूर्व प्रधान बबली) के साथ दोघट में एक फार्म हाउस में आयोजित बारात में शामिल होने आए थे। रात करीब डेढ़ बजे जब वे पार्किंग में अपनी कार के पास पहुंचे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और फिर विवेक को गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात के बाद भाग रहे एक शूटर का पैर फिसल गया, जिसे भीड़ ने दबोच लिया और जमकर धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिया।
बाप के बाद अब ‘दूसरे पिता’ का कत्ल
यशपाल की हत्या: सागर मलिक के असली पिता यशपाल की हत्या तब हुई थी जब सागर सिर्फ डेढ़ साल का था।
सागर का प्रतिशोध: पिता की हत्या का बदला लेने के लिए सागर ने 16 साल की उम्र में पूर्व प्रधान देवेंद्र की हत्या की।
विक्की त्यागी हत्याकांड: 2015 में सागर ने वकील बनकर कोर्ट रूम में डॉन विक्की त्यागी को गोलियों से भून दिया था।
विक्की मलिक का अंत: यशपाल की मौत के बाद उनकी पत्नी बबली की शादी यशपाल के भाई विवेक मलिक से हुई थी। दिसंबर 2024 में जेल से बाहर आए विवेक अब खुद इसी रंजिश का शिकार हो गए।
जेल से बाहर आते ही निशाने पर थे विवेक
मृतक विवेक मलिक आगामी ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी में जुटे थे। उनकी पत्नी बबली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि यह एक सोची-समझी राजनीतिक और आपराधिक साजिश है। वर्तमान में विवेक के दोनों बेटे, सागर और सौरभ जेल में बंद हैं। पुलिस ने मौके से एक हमलावर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।
शामली से बागपत तक भारी तनाव
बागपत एसपी सूरज कुमार राय और एएसपी प्रवीन कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल का मुआयना किया। एसपी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पकड़े गए हमलावर से पूछताछ जारी है ताकि इस साजिश के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके। एहतियात के तौर पर बहावड़ी गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि मंगलवार बुधवार की मध्य रात्रि करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली कि कस्बा दोघट में बारात में आए एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही दोघट थाना पुलिस तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे।
उन्होंने बताया कि रात्रि को शामली जनपद के बहावड़ी गांव निवासी विक्की उर्फ विवेक (42)अपनी पत्नी और पूर्व प्रधान बबली के साथ बागपत के कस्बा दोघट में एक विवाह समारोह में बाराती के रूप में शामिल होने आये थे। बताया गया कि जैसे ही वह फार्म हॉउस की पार्किंग में पहुंचे तो उसी के गांव के ही दो लोगों ने गांव की पुरानी रंजिश को लेकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। फार्म हॉउस में अचानक गोली चलने से वहां अफरातफरी मच गई और लोग इधर उधर भागने लगे।